लक्ष्मीकान्त पाठक । वेबवार्ता
हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी चकबंदी अधिकारियों एवं सहायक चकबंदी अधिकारियों के साथ चकबंदी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अविवादित एवं विवादित मुकदमों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा उनके निस्तारण की प्रगति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने लंबित मुकदमों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुकदमों के निस्तारण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 10 वर्ष से अधिक पुराने मुकदमों की पेंडेंसी किसी भी दशा में नहीं रहनी चाहिए। ऐसे सभी प्रकरणों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने चकबंदी कार्य के लिए प्रस्तावित गांवों की स्थिति एवं आवश्यक तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय से पूर्ण कराने तथा प्रस्तावित गांवों में चकबंदी कार्य को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आईजीआरएस की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) दीपाली भार्गव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सण्डीला नारायणी भाटियां सहित सभी चकबंदी एवं सहायक चकबंदी अधिकारी उपस्थित रहे।




