लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। शाहजहांपुर रोड स्थित ग्राम सकाहा में आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र अति प्राचीन श्री शिव संकटहरण दरबार मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मंदिर परिसर में पहुंचकर भूमि पूजन किया और भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र एवं जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
भूमि पूजन के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। धार्मिक वातावरण और भगवान शिव के जयकारों से पूरा परिसर शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि देवाधिदेव भगवान महादेव की कृपा से इस प्राचीन एवं पावन मंदिर का जीर्णोद्धार होने के बाद यह धाम और भी भव्य, दिव्य एवं अलौकिक स्वरूप धारण करेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों का संरक्षण एवं उनका विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे पावन स्थलों से लोगों की आस्था जुड़ी होती है और इनके विकास से आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने भगवान शिव से क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने तथा सभी के कल्याण की प्रार्थना की। भूमि पूजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मंदिर के प्रस्तावित भव्य स्वरूप को लेकर भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
मंदिर के जीर्णोद्धार से आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध होने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों के लिए यह मंदिर लंबे समय से आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। जीर्णोद्धार के शुभारंभ को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान शिव के चरणों में शीश नवाकर मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य के सफलतापूर्वक पूर्ण होने की कामना की।
नितिन अग्रवाल ने किया शिव संकटहरण सकाहा मंदिर के जीर्णोद्धार का भूमि पूजन

- Advertisement -



