हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर सोमवार को रफ्तार से दौड़ रही एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। मल्लावां क्षेत्र में पोल संख्या 355 के पास हुए इस हादसे से एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार गूंज उठी। देखते ही देखते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी।
बताया गया कि डबल डेकर बस चंडीगढ़ से यात्रियों को लेकर गोरखपुर जा रही थी। सफर के बीच अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में बस सवार आठ यात्री घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में मनोज और शाहीन की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात की रफ्तार थम गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू कराया जा सका।
फिलहाल पुलिस हादसे की वजह जानने में जुटी है। यह दुर्घटना किस कारण हुई, इसकी जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर बना हादसे का सबब,हरदोई मे अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस; आठ घायल

- Advertisement -



