हरदोई (वेबवार्ता) विकासखंड कछौना की ग्राम सभा गौसगंज में सई नदी के किनारे स्थित करीब 200 वर्ष पुराने पौराणिक मां शीतला देवी मंदिर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पर्यटन विभाग से मंदिर के विकास के लिए शासन द्वारा स्वीकृत 65 लाख रुपये की धनराशि से होने वाले विकास कार्यों का जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया।
विधायक रामपाल वर्मा और एमएलसी अशोक अग्रवाल के प्रयासों से स्वीकृत इस धनराशि से मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, सुलभ प्रसाधन, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था, बेंच सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने के बाद मां शीतला देवी मंदिर को क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
सई नदी के किनारे रमणीक वातावरण में करीब दो एकड़ क्षेत्रफल में स्थित यह मंदिर लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। मंदिर परिसर के विकास और इसे बेहतर पहचान दिलाने के लिए मां शीतला देवी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने लंबे समय तक प्रयास किए। मंदिर की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को भी ट्रस्ट के प्रयास और प्रशासन के सहयोग से हटवाया गया।
इससे पहले जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा क्षेत्र के प्रबुद्धजनों के आपसी सहयोग से मंदिर परिसर में धार्मिक मंच, सभागार, वाटर कूलर, डिजिटल लाइब्रेरी, हाईमास्ट लाइट और सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। अब 65 लाख रुपये की स्वीकृत धनराशि से होने वाले नए विकास कार्य मंदिर की सुविधाओं और स्वरूप को और बेहतर बनाएंगे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता रवीश कुमार सिंह, मां शीतला देवी ट्रस्ट के सचिव बाबूराम कनौजिया, साधन सहकारी समिति गौसगंज के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार, पूर्व प्रधान श्याम सिंह, ग्राम प्रधान राजेश कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह, मदन राठौर, पर्यटन विभाग के अधिकारी, क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
कछौना में शीतला देवी मंदिर के कायाकल्प को 65 लाख मंजूर, मल्टीपरपज हॉल समेत कई सुविधाओं का हुआ शिलान्यास

- Advertisement -



