लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई, 07 सितंबर। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में किए गए नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों तथा देश-प्रदेश में आए ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने और आमजन की स्मृति में स्थायित्व प्रदान करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के सकुशल एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
एक नजर
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान।
लाभार्थीपरक योजनाओं का मिलेगा लाभ।
स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान पर रहेगा जोर।
कार्यक्रमों का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार और अभिलेखीकरण।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करते हुए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। उन्होंने आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक अभियान की जानकारी पहुंच सके।
सीडीओ ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी आयोजन कराए जाएं। उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करने तथा व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए और संबंधित स्तर पर समय से आख्या उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रमों के आयोजन में स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने को भी कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय में सभी तैयारियां पूर्ण कर लें।
उन्होंने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, डीसी मनरेगा, जिला पंचायतराज अधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




