लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह परिजनों ने हरदोई-लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
मामला कोतवाली शहर क्षेत्र के चांद बेहटा मोहल्ले का है। रक्षाबंधन पर ननिहाल आई बिलग्राम क्षेत्र के गुरौली गांव निवासी प्रमोद की चार वर्षीय बेटी माही रविवार सुबह घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान मछलियों से लदे पिकअप डाला ने मासूम को कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक पिकअप मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी थी। सोमवार को कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने हरदोई-लखनऊ मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ सिटी, शहर कोतवाल समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जल्द कार्रवाई और फरार चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदल गईं। वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।




