-लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने महिला से मंगलसूत्र लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र व लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला 31 अगस्त 2026 का है। रंजना पत्नी भैय्यालाल निवासी पकल्या, थाना हरपालपुर, जनपद हरदोई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह बावन रोड स्थित कांजीवी हॉस्पिटल के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनका मंगलसूत्र छीनकर मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली शहर में मुकदमा अपराध संख्या 627/26 धारा 127(2), 351(3) व 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए सत्यम शुक्ला पुत्र हरिकिशोर निवासी ग्राम भवानीपुर, थाना बक्शी का तालाब, जनपद लखनऊ तथा सुंदरलाल पुत्र बाबूलाल निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना इटौंजा, जनपद लखनऊ को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक मंगलसूत्र-लॉकेट और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सत्यम शुक्ला का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल बरामद होने, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुंदरलाल के खिलाफ भी चोरी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, उपनिरीक्षक वासु कुमार, उपनिरीक्षक रोशन सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र शाक्य, हेड कांस्टेबल रामासरे, कांस्टेबल रोहित वर्मा, अंकित पाल, रिंकू चौधरी, नितिन तोमर, गजुन गिल और सम्राट रघुवंशी शामिल रहे।




