लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटारम्पुरा गांव में कंडे पाथने और मवेशी बांधने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे बेहटारम्पुरा गांव में कंडे पाथने और मवेशी बांधने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में रामलखन के पुत्र धीरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धीरेन्द्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। उपचार के दौरान धीरेन्द्र की मौत हो गई।
घटना के संबंध में धीरेन्द्र के पिता की तहरीर पर हरपालपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है।




