राज्यउत्तर प्रदेशकुशीनगर के रबी अभियान-2026 में किसानों को 50...

कुशीनगर के रबी अभियान-2026 में किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूँ बीज उपलब्ध, 8151.40 कुंतल बीज की हो चुकी है बुकिंग

19 नवम्बर तक चयनित किसान राजकीय कृषि बीज भण्डार से प्राप्त कर लें बीज, अन्यथा निरस्त हो जाएगा अभ्यर्थन

कुशीनगर 13 नवंबर। कुशीनगर जिले के जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि रबी अभियान-2026 के अन्तर्गत जनपद कुशीनगर को गेहूँ सामान्य वितरण योजना के तहत 50 प्रतिशत अनुदान पर कुल 13,280.00 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 12,604.20 कुंतल गेहूँ बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त जनपद के राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर मसूर का उन्नत प्रमाणित बीज शत-प्रतिशत अनुदान तथा सरसों का उन्नत प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध है। निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए कृषि विभाग द्वारा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, माननीय जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अब तक जनपद में कुल 8,151.40 कुंतल गेहूँ बीज की बुकिंग किसानों द्वारा कराई जा चुकी है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष किसानों का चयन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है तथा चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल नम्बर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भी भेजी जा रही है। वर्तमान में जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भण्डारों पर गेहूँ बीज उपलब्ध कराते हुए नियमानुसार वितरण कराया जा रहा है।
उन्होंने बुकिंग कराने वाले समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे समय से अपने सम्बन्धित राजकीय कृषि बीज भण्डार पर उपस्थित होकर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण (अंगूठा लगाकर) के माध्यम से अपना बीज प्राप्त कर लें। विशेष रूप से ध्यान दें कि जिन चयनित किसानों द्वारा दिनांक 19 नवम्बर, 2026 तक बीज प्राप्त नहीं किया जाएगा, उनका अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा तथा उनके स्थान पर वरीयता क्रम में प्रतीक्षा सूची के अन्य किसानों को बीज आवंटित कर दिया जाएगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बन्धित किसान की होगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कृषि विभाग के माध्यम से वितरित किए जाने वाले गेहूँ बीज के निर्धारित लक्ष्य की बुकिंग पूर्ण होते ही पोर्टल पर बुकिंग की प्रक्रिया स्वतः बंद हो जाएगी। ऐसी स्थिति में किसी कारणवश बुकिंग कराने से वंचित रह जाने वाले किसान निजी क्षेत्र के अधिकृत बीज विक्रेताओं से भी गुणवत्तायुक्त गेहूँ बीज क्रय कर सकते हैं। जनपद के निजी क्षेत्र के बीज विक्रेताओं के पास गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध है।
अन्त में जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की कि वे समय रहते अपनी बुकिंग एवं बीज प्राप्ति की प्रक्रिया पूर्ण कर लें। बीज वितरण अथवा योजना से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए जनपद स्तर पर बीज नियोजन अधिकारी/कन्ट्रोल रूम के मोबाइल नम्बर 8317015135 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -