कुशीनगर 14 नवंबर। कुशीनगर जिले में बेंगलुरू में रह रहे तमकुहीराज तहसील के एक गांव का 65 वर्षीय व्यक्ति एचआइवी-2 से संक्रमित मिला है। जनपद में पहली बार इस प्रकार के मरीज के मिलने को लेकर विभाग के भी कान खड़े हो गए। इसकी पुष्टि के लिए रक्त के नमूने को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर ने दोबारा जांच के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा था । वहां भी इसकी पुष्टि होने के बाद अब उपचार शुरू कर दिया गया है। डाक्टरों के अनुसार एचआइवी-2 वायरस, एचआइवी-1 की तुलना में कम खतरनाक होता है, हालांकि दोनों के संक्रमण का तरीका एक ही है।
कुशीनगर मेडिकल कालेज के आइसीटीसी में 12 अक्टूबर को जांच में रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद नमूना पुष्टि के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज के एसआरएल माइक्रोबायोलाजी विभाग भेजा गया था। एक माह बाद 12 नवंबर वहां से आई रिपोर्ट में भी एचआइवी-2 की पुष्टि हुई है। संक्रमित वृद्ध पहले बेंगलुरु में रहता था। वहां रहने के दौरान वह किसके संपर्क में आया और संक्रमण की चपेट में कैसे आया, इसकी पूरी जानकारी के लिए काउंसलिंग शुरू कर दी गई है।
डाक्टरों के अनुसार एचआईवी यानी ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है। एचआइवी-1 और एचआइवी-2। इनमें एचआईवी-1 संक्रमण का सबसे आम प्रकार है, जबकि एचआईवी-2 में अपेक्षाकृत कम संक्रमण मिलते हैं।दोनों वायरस शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रभावित करते हैं। ये मुख्य रूप से सीडी-4 कोशिकाओं पर हमला करते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हालांकि, एचआईवी-2 में संक्रमण की प्रगति सामान्यतः एचआईवी-1 की तुलना में धीमी होती है।संक्रमित व्यक्ति लंबे समय तक बिना किसी स्पष्ट लक्षण के रह सकता है, लेकिन समय पर उपचार नहीं मिलने पर एचआईवी-2 भी प्रतिरोधक क्षमता को गंभीर रूप से कमजोर कर सकता है और एड्स की स्थिति पैदा कर सकता है।
संक्रमित व्यक्ति के साथ बिना सुरक्षा के यौन संबंध बनाने, संक्रमित खून चढ़ने, संक्रमित सुई या सिरिंज साझा करने तथा असुरक्षित चिकित्सकीय उपकरणों का इस्तेमाल, संक्रमित मां से गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान बच्चे में भी वायरस पहुंच सकता है। हालांकि, एचआईवी-2 में मां से बच्चे में संक्रमण पहुंचने की संभावना एचआईवी-1 की अपेक्षा कम होती है।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज कुशीनगर के प्राचार्य डा केपी गोंड ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ही एचआईवी-2 की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी, चूंकि जिले का यह पहला मामला संज्ञान में आया था। इसलिए दोबारा जांच के लिए नमूना बीआरडी मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा गया था। वहां से अभी 12 नवंबर को ही रिपोर्ट आई है। संक्रमित की अब काउंसलिंग कराई जाएगी। यहां एचआइवी-2 के उपचार के लिए भी सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं।
कुशीनगर में पहला एचआईवी-2 संक्रमित व्यक्ति मिला

- Advertisement -



