राज्यउत्तर प्रदेशगजरौला में दर्दनाक हादसा: नींद की झपकी से...

गजरौला में दर्दनाक हादसा: नींद की झपकी से ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बस, दो नेपाली मजदूरों की मौत, 17 घायल।

वेब वार्ता
​अमरोहा, 05 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गजरौला थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहम्मदाबाद गांव के सामने फ्लाईओवर पर चालक को नींद की झपकी आने के कारण नेपाल के मजदूरों से भरी एक निजी बस आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दो नेपाली मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 17 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
​नेपाल के बड़कुली थाना क्षेत्र के मेलकुली गांव निवासी करीब 20 मजदूर मई के अंतिम सप्ताह में मजदूरी करने लद्दाख गए थे। काम पूरा होने के बाद रविवार को ये सभी निजी बस से वापस नेपाल लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच गजरौला क्षेत्र में मोहम्मदाबाद फ्लाईओवर के पास पहुंचे ही थे कि बस चालक धीरेंद्र को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर आगे चल रही सीमेंट की बोरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में मेलकुली निवासी भगीराम (58) और सुर वशिष्ठ (45) की मौत हो गई।
​टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में मृतक भगीराम की पुत्रवधू पुष्पा, पुत्र विनोद, दो वर्षीय पोते निखिल के अलावा ओम बहादुर, राहुल, उसकी पत्नी ओसा, ध्रुव प्रसाद, लक्ष्मी प्रसाद, उसकी पत्नी रीता देवी, राजेश, उसकी एक वर्षीय पुत्री आरोही, नूर वशिष्ठ, टेक बहादुर, देवा, ओमफा सिंह, कमल और मनीराम घायल हुए हैं। बस चालक धीरेंद्र और परिचालक प्रकाश भी चोटिल हुए हैं, जिनमें चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। गजरौला प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर और सीओ गजरौला अंजलि कटारिया ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -