लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेब वार्ता) हरदोई सदर विधानसभा क्षेत्र-156 की काशीराम कॉलोनी में बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सोमवार को कॉलोनी पहुंचे रामज्ञान गुप्ता ने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर कॉलोनी के हालात का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव, कीचड़, गंदगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
कॉलोनी में जगह-जगह जलभराव और गंदगी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गंदगी और दुर्गंध के चलते स्थिति और भी खराब हो गई है। रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों के लिए आवासीय कॉलोनी बनाई गई है, उन्हें मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कॉलोनी की कई इमारतों की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि यदि समय रहते जर्जर भवनों की जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि किसी संभावित हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने के बजाय प्रशासन को अभी से गंभीरता दिखाते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में विकास के दावे तो खूब किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर आम जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि काशीराम कॉलोनी की स्थिति सरकार के विकास के दावों की हकीकत सामने ला रही है। जलभराव, गंदगी और जर्जर भवन जैसी समस्याओं का समाधान न होना जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, छात्र, नौजवान और व्यापारी परेशान हैं तथा आम जनमानस खुद को समस्याओं से घिरा महसूस कर रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव की उम्मीद कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है और भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि “भाजपा जाएगी तभी, खुशहाली आएगी।”
रामज्ञान गुप्ता ने प्रशासन से काशीराम कॉलोनी में तत्काल जलनिकासी, साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जर्जर भवनों की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।
“भाजपा जाएगी तभी, खुशहाली आएगी”: काशीराम कॉलोनी की बदहाली पर सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने सरकार को घेरा

- Advertisement -



