देवरिया, 19 नवंबर । देवरिया में
कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व अभिलेखागार में एक गांव की खतौनी गायब होने के मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिला प्रशासन ने यहां गुरूवार को बताया कि देवरिया सदर तहसील के मौजा-भरौली बाजार अन्दर नगर, तप्पा देवरिया, परगना सलेमपुर मझौली की चार फसली वर्षों (1368, 1369, 1370 एवं 1371) की खतौनी उपलब्ध न होने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर राजस्व अभिलेखागार के प्रभारी द्वारा देवरिया कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
अपर जिलाधिकारी पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि उपरोक्त फसली वर्षों की खतौनी अभिलेखागार में नहीं मिलने पर जिलाधिकारी द्वारा जांच समिति गठित की गई। समिति ने प्रकरण की जांच कर आख्या प्रस्तुत की। जांच आख्या में खतौनी अभिलेखागार में उपलब्ध न होने की पुष्टि हुई। जिसे गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। संबंधित अभिलेखों के गायब होने के मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देवरिया के राजस्व अभिलेखागार से खतौनी गायब होने के मामले में मुकदमा दर्ज

- Advertisement -



