लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) मौसम विभाग ने जिले में अगले तीन दिनों तक आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 07 से 09 अक्टूबर तक हरदोई में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। चेतावनी को देखते हुए अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव ने आमजन से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आईएमडी लखनऊ के प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार हरदोई को आगामी दिनों के लिए येलो जोन में रखा गया है। बुधवार को जिले में तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। ऐसे में प्रशासन ने लोगों को मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान खुले स्थान, पेड़, बिजली के खंभे और ऊंची इमारतें खतरे का कारण बन सकती हैं। खुले में होने पर तत्काल किसी पक्के मकान में शरण लें। खिड़की, दरवाजे, बरामदे और छत से दूर रहें। बिजली के उपकरणों और तारों के संपर्क में आने से बचें।
तालाब और जलाशयों से रहें दूर
प्रशासन ने लोगों को तालाब, पोखर और अन्य जलाशयों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। वज्रपात के समय समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग रहने को कहा गया है। बाहर होने पर धातु से बनी वस्तुओं, बाइक, मशीन, बिजली अथवा टेलीफोन के खंभों और कृषि उपकरणों से दूर रहने की अपील की गई है।
‘सचेत’ और ‘दामिनी’ एप करेंगे अलर्ट
अपर जिलाधिकारी ने लोगों से एंड्रॉयड मोबाइल में ‘सचेत’ और ‘दामिनी’ एप डाउनलोड करने की अपील की है। इन एप के जरिए मौसम और वज्रपात से जुड़ी पूर्व चेतावनी एवं एडवाइजरी प्राप्त की जा सकती है। प्रशासन का मानना है कि समय रहते चेतावनी मिलने से आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
वज्रपात की चपेट में आए तो तत्काल मदद लें
यदि कोई व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल होता है तो उसे तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करें। आपात स्थिति में 112, 108 या 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने मौसम की ताजा जानकारी के लिए स्थानीय रेडियो और अन्य संचार माध्यमों से अपडेट लेते रहने की भी अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के 05852-299155, 05852-299157 और 9454416606 नंबर पर संपर्क कर मदद ली जा सकती है।
हरदोई में तीन दिन आंधी-वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवायें

- Advertisement -



