लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई, 4 सितंबर। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रामज्ञान गुप्ता ने जनपद के 51 शिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह में शिक्षकों को माला पहनाकर शाल, डायरी एवं पेन भेंट किए गए।
एक नजर
-51 शिक्षकों को किया गया सम्मानित
शाल, डायरी एवं पेन भेंट किए गए
-सरकारी शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
-‘एक देश-एक शिक्षा’ की व्यवस्था की मांग
समारोह को संबोधित करते हुए रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है और शिक्षा किसी भी देश के विकास की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा और विद्यालयों को बढ़ाने के बजाय धीरे-धीरे सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है, जो देश के भविष्य के लिए घातक है।
उन्होंने कहा कि निजी शिक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने और सरकारी शिक्षा तंत्र को कमजोर करने से शिक्षा के व्यवसायीकरण को बढ़ावा मिलेगा। यदि शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था पूरी तरह निजी हाथों में चली गई तो गरीब और मध्यम वर्ग के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना कठिन हो जाएगा।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि देश में ‘एक देश-एक शिक्षा’ की व्यवस्था होनी चाहिए तथा शिक्षा पर सभी का समान अधिकार होना चाहिए। सरकार शिक्षा को बढ़ावा देगी, तभी समाज में असमानता समाप्त होकर समानता स्थापित हो सकेगी।
अटेवा के प्रदेशीय सलाहकार ओम प्रकाश कनौजिया एवं सपा शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष जैनुल खान ने कहा कि निजीकरण देश के निम्न एवं मध्यम वर्ग के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आउटसोर्सिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, वह आने वाले समय में गंभीर परिणाम देने वाला साबित हो सकता है।समारोह में महेंद्र बर्मा, बृजलाल वर्मा, मोतीलाल यादव, ओमप्रकाश, महेश प्रसाद, जय प्रकाश नारायण, पतिराज गुप्ता, निशात अफरोज खान, राजाराम यादव, अशोक कुमार यादव, रामप्रताप सिंह, अजय कुमार, मो. इस्लाम, अविनाश कुमार, वीरेंद्र यादव, अरविन्द कुमार, सुनील कुमार मंडल, अरुण कुमार, आशीष कुमार, मंजू गुप्ता, सौरभ यादव, शुभम गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, विकास त्रिपाठी, आकाश गुप्ता, दुर्गेश यादव, धर्मेंद्र यादव, दीपू, शोभित यादव, सोनू गुप्ता, रामदत्त गुप्ता, चंद्र प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।




