राज्यउत्तर प्रदेशजनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, फील्ड...

जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता)। भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। हरदोई में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने वाले फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुरू हुआ। प्रशिक्षण में गणना कार्य की बारीकियों, प्रश्नावली और मोबाइल ऐप के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती दीपाली भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा नामित जिला प्रभारी श्री विनय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को औपचारिकता न मानें, बल्कि एक विद्यार्थी की तरह गंभीरता से सभी पहलुओं को समझें। उन्होंने कहा कि प्रश्नावली को स्वयं भरकर पर्याप्त अभ्यास किया जाए, ताकि क्षेत्र में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देते समय किसी प्रकार की दुविधा न रहे। उन्होंने प्रत्येक शंका और प्रश्न का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
घर-घर पहुंचेगा गणना का काम
प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स तहसील और नगर निकाय स्तर पर प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद प्रगणक 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच आवंटित गणना ब्लॉक में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी जुटाएंगे। करीब 40 प्रश्नों वाली प्रश्नावली मोबाइल ऐप के माध्यम से भरी जाएगी।
गणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद 05 से 09 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड आयोजित होगा। वहीं, 04 जनवरी की शाम के बाद रात्रि में बेघरों की गणना की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से बाहर न रह जाए।
स्वगणना की भी मिलेगी सुविधा
जनगणना के दूसरे चरण में भी लोगों को स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। वेब पोर्टल के माध्यम से 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच स्वगणना की जा सकेगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज सूचनाओं को जनगणना कार्य में शामिल किया जाएगा।
प्रशिक्षण के जरिए प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जनगणना के दूसरे चरण में घर-घर पहुंचने वाली टीमों को प्रश्नावली, मोबाइल ऐप और गणना प्रक्रिया की पूरी जानकारी हो। जनगणना की व्यापकता को देखते हुए फील्ड स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -