राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में जनगणना-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार,...

हरदोई में जनगणना-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना; डीएम ने शत-प्रतिशत सहभागिता के दिए निर्देश

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता) जनगणना-2027 को लेकर हरदोई जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 16 नवंबर से शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक विभाग अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराए।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्व-गणना कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार, जनसहभागिता और निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित होगी। इस दौरान जनपद के निवासी ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के सहयोग से जागरूकता बैठकें आयोजित कर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना कराने के निर्देश दिए। साथ ही चार्ज अधिकारियों को अपने क्षेत्र के कार्मिकों की स्व-गणना पूर्ण कराने और आमजन को भी ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी।
जनगणना की समय-सारिणी
जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण संचालित किया जाएगा।
स्व-गणना के लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव सहित सभी चार्ज अधिकारी, विभागाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -