ग्राम रामनगर उर्फ रमपुरा, थाना छजलैट क्षेत्र में तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। फूलपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित मास्टर संजीव सिंह के कुएं के पास ग्रामीणों ने देर रात एक विशालकाय तेंदुए को विचरण करते हुए देखा। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, अंधेरे के बावजूद तेंदुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उसकी मौजूदगी और आवाज सुनकर ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया और लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क करते हुए घरों से बाहर निकलने से परहेज किया।
तेंदुए के दिखाई देने के बाद ग्रामीण अपने बच्चों, महिलाओं और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण खेतों में जाने तथा रात के समय आवागमन में भी भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने वन विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में वन विभाग की टीम द्वारा लगातार गश्त कराने, तेंदुए की निगरानी के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा लगाकर उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि जब तक तेंदुए को पकड़ नहीं लिया जाता, तब तक क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




