-यात्रियों की सुरक्षा और कर चोरी रोकने के लिए प्रदेश भर में चला दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान
-22 अवैध संचालित वाहनो का प्रवर्तन ने किया चालान, 4 पर सीज की हुई कार्यवाही
-हरी शंकर शर्मा
कानपुर, 21 जुलाई (वेब वार्ता)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और अनधिकृत रूप से चल रहे वाहनों पर कार्रवाई के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर पूरे प्रदेश में दो दिवसीय विशेष ‘ऑपरेशन कवच’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कानपुर नगर में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 22 अवैध संचालित वाहनों का चालान किया, जबकि नियमों का गंभीर उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों को सीज कर बंद कर दिया।
कानपुर मंडल आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रवर्तन टीम की इस विशेष अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग के साथ यातायात पुलिस और राज्य कर विभाग को भी शामिल किया गया है। यह संयुक्त टीम सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ कर चोरी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पैनी नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि बताया कि “ऑपरेशन कवच” परिवहन विभाग (विशेष रूप से उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग और यातायात पुलिस) द्वारा समय-समय पर चलाया जाने वाला एक विशेष प्रवर्तन व चेकिंग अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाना, अवैध परिवहन को रोकना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराना है। उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय अभियान में यात्रियों की सुरक्षा और अवैध तरीके से माल को ले जाने तथा नियमो के उलंधन पर कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन कवच” सड़कों को यात्रियों के लिए सुरक्षित बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नकेल कसने के लिए एक सुरक्षात्मक अभियान के रूप में कार्य करता है। हांलकि बारिश की वजह से अभियान की गति कुछ कम हुई है,लेकिन निंरतर अधिकारी सड़को पर डटे हुए है।
“ऑपरेशन कवच” अभियान का मुख्य उद्देश्य
आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई, मालवाहक वाहनों (जैसे ट्रक, डंपर, ट्रॉलियां) में तय क्षमता से अधिक माल ले जाने वालों पर चालान व सीज की कार्रवाई करना है। इसके साथ ही अवैध व बिना परमिट वाहनों की जांच, बिना फिटनेस सर्टिफिकेट, बिना वैध परमिट या बिना टैक्स जमा किए सड़कों पर चलने वाले व्यावसायिक वाहनों (बस, ऑटो, टैक्सी आदि) पर शिकंजा कसना शामिल है।




