लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जनपद में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना के शुभारंभ तथा राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का सजीव प्रसारण किया गया। इसमें प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सभी से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
इसके बाद राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। दौड़ स्वामी विवेकानंद सभागार से शुरू होकर गांधी भवन में संपन्न हुई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
वहीं, जिला कारागार में जेल अधीक्षक अमन कुमार सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और कारागार कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




