लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। शिक्षक दिवस के अवसर पर जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालक विद्यालय, कछौना में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय परिसर में उनकी छवि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहभागिता की। विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गिद्ध संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।
प्रधानाचार्य विकास सक्सेना ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और उनके शिक्षा दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। जिस प्रकार गुरु विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और जीवन की दिशा प्रदान करते हैं, उसी प्रकार वृक्ष स्वच्छ वायु और स्वस्थ वातावरण देकर जीवन को संवारते हैं। ऐसे में शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के सम्मान में पौधरोपण करना पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली सार्थक पहल है।
उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान को भी सार्थक संदेश मिला।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य विकास सक्सेना समेत विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी तथा वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




