लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। एक ओर सरकार और पर्यटन विभाग पौराणिक धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण पर जोर दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के मोहल्ला आशा नगर स्थित प्राचीन विघ्नेश्वर नाथ महादेव मंदिर का परिसर गंदगी की चपेट में है। आरोप है कि मोहल्ले में संचालित हो रही छोटी-बड़ी डेयरियों से निकलने वाला गोबर और अन्य गंदगी मंदिर परिसर में बने तालाब के किनारे खुलेआम डाली जा रही है।
मंदिर परिसर में गंदगी का ढेर लगने से आसपास दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के कारण उन्हें भी काफी दिक्कत हो रही है। लोगों में गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है।
बताया जाता है कि आशा नगर में आटा चक्की वाली गली में छोटी-बड़ी डेयरियां संचालित हो रही हैं। डेयरियों से निकलने वाले गोबर और अपशिष्ट के निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने के कारण इसे मंदिर परिसर के आसपास डालने का आरोप है।
आबादी वाले क्षेत्रों में डेयरियों के संचालन को लेकर प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जाते रहे हैं। इसके बावजूद यहां डेयरी संचालन और मंदिर परिसर में गंदगी डाले जाने का मामला सवाल खड़े कर रहा है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और नगर निकाय इस मामले में कब तक कार्रवाई करते हैं और मंदिर परिसर को गंदगी से मुक्त कराने के साथ ही आबादी क्षेत्र में डेयरी संचालन को लेकर निर्धारित नियमों का पालन कब सुनिश्चित कराया जाता है।




