लक्ष्मीकान्त पाठक।वेबवार्ता
हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रीपुर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को लाइसेंसी राइफल से गोली मारने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .315 बोर की लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम मिश्रीपुर निवासी दुर्गेशवती पत्नी दुर्गाप्रसाद को उसके पति दुर्गाप्रसाद पुत्र रामचन्द्र ने घरेलू विवाद के चलते गोली मार दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय हरदोई रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में वादी देव कुमार की तहरीर पर थाना शाहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 591/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस एवं धारा 30 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने नामजद आरोपी दुर्गाप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी से काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। 3 सितंबर को दोबारा विवाद होने पर उसने आवेश में आकर पत्नी को गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




