राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में निकला ऐतिहासिक शांति मार्च, शांति-सद्भाव और...

हरदोई में निकला ऐतिहासिक शांति मार्च, शांति-सद्भाव और मानवता का दिया संदेश

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। विश्व शांति दिवस के अवसर पर मंगलवार को शहर की सड़कों पर शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश दिखाई दिया। विश्व शांति दूत एवं विश्व शांति शिक्षा कार्यक्रम के संस्थापक आध्यात्मिक मोटिवेशनल स्पीकर प्रेम रावत के अनुयायियों की ओर से शहीद उद्यान कंपनी बाग से शांति मार्च निकाला गया। विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, विधायक प्रभास कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, वरिष्ठ भाजपा नेता पीके वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’ ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। अतिथियों ने कुछ दूरी तक मार्च में पैदल शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
मार्च में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए प्रतिभागी अनुशासित कतारों में शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। तख्तियों पर ‘शांति संभव है’ के साथ संतों और महापुरुषों के विचार लिखे थे। ‘जिस शांति की तुम्हें तलाश है, वह तुम्हारे हृदय में है’ और ‘घट-घट मोरा साईंया…’ जैसे संदेश लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मार्च को देखने के लिए रास्ते में जगह-जगह लोग जुटे।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
डीएम चौराहा होते हुए नुमाइश चौराहा पहुंचे शांति मार्च का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नुमाइश चौराहा पर पूर्व सभासद राजीव गुप्ता और सभासद अजय शर्मा ‘दीपू’ सहित लोगों ने प्रतिभागियों पर फूल बरसाए। बेणी माधव इंटर कॉलेज के पास समाजसेवी महेश गुप्ता ‘डब्लू’ ने पानी की बोतलें वितरित कीं और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
बड़ा चौराहा, सिनेमा रोड, सिनेमा चौराहा, गरुड़ मार्केट, मौनी बाबा चौराहा, बालाजी हॉस्पिटल, पुलिस लाइन, स्टेट बैंक और जिंदपीर चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर भी लोगों ने मार्च का स्वागत किया। सिनेमा रोड स्थित एसआरजे लॉन एवं होटल के स्वामी राजेश गुप्ता ने प्रतिभागियों को जलजीरा पिलाया। जिंदपीर चौराहा पर नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ‘मधुर’ के सौजन्य से हाइड्रोलिक मशीन से पुष्पवर्षा की गई।
रेलवेगंज पुलिस चौकी, पीएनबी रोड, पंजाबी कॉलोनी, अग्रवाल धर्मशाला, मिल कॉलोनी मोड़ और लखनऊ चुंगी पर भी लोगों ने पुष्पवर्षा एवं पानी वितरण कर मार्च का स्वागत किया।
दीप प्रज्वलन के बाद प्रेम रावत का संदेश
शांति मार्च के बाद एसआरजे लॉन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। संयुक्त अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवसेवक गुप्त, रफी अहमद इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुयश बाजपेई, पूर्व सभासद राजीव गुप्ता और पत्रकार कंचन वाजपेई ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों को शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस सहयोग के लिए सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार और कार्यक्रम स्थल के स्वामी राजेश गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्रेम रावत ने ‘टाइमलेस टुडे’ के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए शांति और आत्मबोध का संदेश दिया। कार्यक्रम में उनके द्वारा लिखित पुस्तक ‘स्वयं की आवाज और स्वांस’ भी अतिथियों और प्रतिभागियों को वितरित की गई।
स्काउट बैंड ने बढ़ाया आकर्षण
शांति मार्च की अगुवाई रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज के स्काउट बैंड ने की। बैंड की प्रस्तुति और अनुशासित मार्च ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को वरिष्ठ पत्रकार कंचन वाजपेई ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के इवेंट मैनेजर पत्रकार पीके गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, पुलिस एवं जिला प्रशासन, प्रधानाचार्य, स्काउट शिक्षक, स्काउट बैंड के बच्चों और विद्यालय के शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -