राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई:पोती का इलाज कराने गए सेवानिवृत्त दरोगा के...

हरदोई:पोती का इलाज कराने गए सेवानिवृत्त दरोगा के घर लाखों की चोरी, शराब की बोतल भी गटक गए चोर

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस चौकी क्षेत्र में भी बंद मकान सुरक्षित नहीं रह गए हैं। लालपालपुर चौकी क्षेत्र के पालपुर कस्बे में चोरों ने एक सेवानिवृत्त दरोगा एवं वर्तमान भाजपा नेता के मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर घर में रखी अंग्रेजी शराब की बोतल भी गटक गए। पुलिस चौकी और हाईवे पर रात्रि गश्त के बावजूद हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, हरदोई के आवास विकास निवासी राजाराम गुप्ता उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में वह भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक हैं। उन्होंने अपनी पत्नी निर्मला के साथ लखनऊ-बरेली हाईवे किनारे पालपुर कस्बे में मकान बनवा रखा है।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले उनकी पोती की तबीयत खराब हो गई थी। उसके उपचार के लिए राजाराम गुप्ता अपनी पत्नी के साथ लखनऊ चले गए थे। इस दौरान मकान में ताला लगा हुआ था। रविवार को उनके बेटे संतोष गुप्ता घर की साफ-सफाई रने पहुंचे थे, तब तक सब कुछ सामान्य था।
बुधवार शाम जब राजाराम गुप्ता अपने मकान पर वापस पहुंचे तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो घर के जाल खुले हुए थे और कमरे के दरवाजे का हुक टूटा पड़ा था। दो बक्सों में रखा सामान अस्त-व्यस्त था। घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
राजाराम गुप्ता के मुताबिक, चोर 23 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, सोने की झुमकी, चांदी की पायल और कीमती साड़ियां चोरी कर ले गए। उनकी पत्नी निर्मला ने चोरी में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। हैरानी की बात यह रही कि घर में रखी अंग्रेजी शराब की बोतल भी खाली मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने चोरी के दौरान घर में बैठकर शराब भी पी।
चौकी क्षेत्र में चोरी, रात्रि गश्त पर सवाल
जिस लालपालपुर क्षेत्र में चोरी की यह वारदात हुई, वहां पुलिस चौकी भी मौजूद है। हाईवे पर यूपी-112 की रात्रि गश्त के दावे भी किए जाते हैं। इसके बावजूद हाईवे किनारे स्थित कस्बे में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और इत्मीनान से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना ने पुलिस की निगरानी और रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर दहशत है। राजाराम गुप्ता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। अब पुलिस के सामने चोरी का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -