जलालाबाद। परशुरामपुरी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी विकास गुप्ता ने एक व्यक्ति पर गिरवी रखे सोने-चांदी के जेवर वापस न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने थाना प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर अपने जेवर वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
तहरीर के अनुसार विकास गुप्ता ने वर्ष 2020 में अखिलेश पुत्र राजेन्द्रनाथ निवासी शास्त्री नगर के पास सोने के चार चूड़ी, हार, झाले और चेन समेत चांदी के पायल, बिछुआ, कमर पेटी, करधनी और हसली आदि जेवर गिरवी रखे थे। पीड़ित का कहना है कि जेवर छुड़ाने के लिए अखिलेश द्वारा बताए गए ब्याज समेत 4 लाख 96 हजार रुपये वर्ष 2021 में जमा कर दिए गए, लेकिन इसके बावजूद जेवर वापस नहीं किए गए।
विकास का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी उसे चार दिन बाद जेवर देने की बात कहकर टाल दिया गया और अब तक सामान वापस नहीं किया गया। पीड़ित के अनुसार उसकी पत्नी द्वारा पूर्व में थाना और आईजीआरएस के माध्यम से भी शिकायत की गई, लेकिन पुलिस की मिली भगत के चलते फर्जी निस्तारण दिखा दिया गया और पुलिस इस मामले में टाल मटोल कर रही है जिससे पीड़ित को न्याय नहीं मिल पा रहा है.
पीड़ित ने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर जेवर वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




