खेत पर फसल प्रदर्शन के जरिए किसानों को किया जागरूक, क्षेत्र अधिकारी आकाश चौबे ने किया मंच संचालन
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। इफको के खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत विकासखंड कछौना के ग्राम रैसो में नैनो उर्वरकों पर आधारित क्षेत्र दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी और नैनो जिंक के वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग की जानकारी देते हुए मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन इफको के क्षेत्र अधिकारी आकाश चौबे ने किया।
प्रगतिशील किसान केवलजीत सिंह के खेत पर आयोजित कार्यक्रम में इफको, लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र द्वितीय, संडीला के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक पंकज नौटियाल तथा वैज्ञानिक टी.एन. राय ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी।
इस दौरान केवलजीत सिंह के खेत में नैनो यूरिया आधारित फसल प्रदर्शन कराया गया। वैज्ञानिकों ने फसल की स्थिति के माध्यम से नैनो उर्वरकों के उपयोग, प्रयोग विधि और फसल पोषण प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही दानेदार यूरिया के संतुलित प्रयोग, मृदा परीक्षण तथा फसल की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों के इस्तेमाल पर जोर दिया।
क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकें अपनाने और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर आईबीडीसी, बालामऊ से सर्वजीत सिंह, सचिन और सुवेश पाल सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे। सभी ने खेत में आयोजित फसल प्रदर्शन का अवलोकन किया और नैनो उर्वरकों के उपयोग संबंधी जानकारी प्राप्त की।




