विद्यार्थियों को डीएम राहुल पाण्डेय ने दिया सफलता का मंत्र, सीडीओ नेहा बेडवाल ने भी किया प्रेरित
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने सोमवार को पुस्तकालय का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई), कांस्टेबल एवं होमगार्ड अभ्यर्थियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति एकाग्रता, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित करके किया। इसके बाद उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं का अवलोकन किया और वहां पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र भी बताए।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत के साथ साहस और आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है। “मन के हारे हार है, मन के जीते जीत” का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए नियमित अध्ययन के साथ परीक्षा के दिन मानसिक संतुलन बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है। अभ्यर्थियों को तनावमुक्त रहकर धैर्य और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों को हल करना चाहिए।
विद्यार्थियों को एकाग्रता का महत्व समझाते हुए जिलाधिकारी ने महाभारत में अर्जुन का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अर्जुन का पूरा ध्यान मछली की आंख पर केंद्रित था, उसी प्रकार विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा बेडवाल ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




