लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) बस्ती फरीदुदीन ने एआरटीओ कार्यालय हरदोई का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। आरटीओ के अचानक निरीक्षण से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में भी सक्रियता दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान आरटीओ ने विभिन्न पटलों पर पहुंचकर पत्रावलियों और लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में मौजूद आम लोगों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं और कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, रिकॉर्डिंग तथा स्टोरेज क्षमता को परखा गया। इसके अलावा कार्यालय में तैनात अधिकारियों, नियमित कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों के पहचान पत्रों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
निरीक्षण के अंत में आरटीओ ने कार्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागीय अभिलेखों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने को कहा। उन्होंने कार्यालय में आने वाली जनता को बेहतर और सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन की ओर से कार्यालय से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यों की जानकारी आरटीओ को उपलब्ध कराई गई।
हरदोई एआरटीओ कार्यालय में अचानक पहुंचे आरटीओ, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

- Advertisement -



