राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई;दिवंगत शिक्षिका शाहीन बानो के परिवार से मिले...

हरदोई;दिवंगत शिक्षिका शाहीन बानो के परिवार से मिले अजय राय, बोले—दुख की घड़ी में साथ खड़ा है कांग्रेस परिवार

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई( वेबवार्ता) संडीला के प्राथमिक विद्यालय टिमरुख की दिवंगत शिक्षिका शाहीन बानो के निधन का मामला अब चर्चा में है। बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय उनके संडीला स्थित आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी भी मौजूद रहे।
अजय राय ने परिजनों से बातचीत कर शाहीन बानो के निधन से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी ली। परिवार की ओर से उन्हें बताया गया कि विद्यालय में हुई एक घटना के बाद संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षिका पर कार्रवाई को लेकर दबाव बनाया गया। परिजनों ने बीईओ पर मानसिक प्रताड़ना और कथित अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए।
परिजनों के अनुसार, 21 सितंबर को प्राथमिक विद्यालय टिमरुख में गैस पाइप में रिसाव के चलते आग लगने की घटना हुई थी। शाहीन बानो विद्यालय में इंचार्ज सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत थीं। घटना के बाद अधिकारियों से हुई बातचीत को लेकर विवाद की स्थिति बनी। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान शिक्षिका पर मानसिक दबाव बनाया गया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मामले को लेकर शिक्षक संगठनों की ओर से भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई है। विभागीय स्तर पर प्रकरण की जांच शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका के परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि विद्यालय में हुई घटना की जानकारी लेने के लिए शिक्षिका से बातचीत की गई थी।
अजय राय ने परिजनों की पूरी बात सुनने के बाद उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर देते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शाहीन बानो के निधन के बाद सामने आए आरोपों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पूरे मामले में विभागीय जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -