राज्यउत्तर प्रदेशआजादी के दशकों बाद भी सड़क को तरस...

आजादी के दशकों बाद भी सड़क को तरस रहा सलेमपुर गांव, नहर पर पुल बना, लेकिन गांव तक नही बन सकी सडक

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) सरकारें बदलीं, विकास के दावे हुए, लेकिन हरदोई जनपद के विकासखंड अहिरोरी की ग्राम पंचायत डही के मजरा सलेमपुर के ग्रामीण आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गांव तक पहुंचने वाला करीब 900 मीटर का मार्ग दलदल में तब्दील है। बरसात में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। कीचड़ और फिसलन के बीच ग्रामीणों को रोजाना जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। लंबे समय से समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने आगामी चुनाव में मतदान के बहिष्कार की चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी हरदोई से सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर पर पुल का निर्माण होने से उन्हें उम्मीद जगी थी कि गांव तक आवागमन सुगम होगा, लेकिन पुल से गांव तक जाने वाला रास्ता आज भी बदहाल है। सड़क न होने का सबसे ज्यादा असर गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और किसानों पर पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है, वहीं किसानों को कृषि यंत्र ले जाने और खेतों से उपज बाहर निकालने में भी परेशानी उठानी पड़ती है।
__दो किलोमीटर का रास्ता छोड़ना पड़ रहा लंबा चक्कर
ग्रामीणों के मुताबिक, सलेमपुर से फतेहपुर होकर नया गांव बाजार तक की दूरी करीब दो किलोमीटर है, लेकिन मार्ग दुरुस्त न होने के कारण उन्हें लालपुर, सादिक मऊ सहित अन्य रास्तों से होकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता है। इस वैकल्पिक रास्ते से करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव तक पहुंचने वाले छोटे मार्ग का निर्माण करा दिया जाए, तो बाजार और मुख्य सड़क तक पहुंचना आसान हो जाएगा तथा समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
__आश्वासन नहीं, सड़क निर्माण चाहते हैं ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। वर्षों से बदहाल रास्ते पर चलने की मजबूरी ने ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे दिया है। उनका कहना है कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क चाहते हैं, ताकि बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के उपचार और किसानों के कामकाज में बाधा न आए।
अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए ग्रामीणों ने “जिलाधिकारी हरदोई, सलेमपुर में सड़क बनवाइए” के नारे लगाकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।
अब ग्रामीणों की निगाहें जिलाधिकारी हरदोई और संबंधित विभाग के अधिकारियों पर टिकी हैं। उनकी मांग है कि मौके का निरीक्षण कराकर मार्ग की स्थिति का आकलन किया जाए और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। सवाल यह है कि आखिर सलेमपुर के ग्रामीणों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -