लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) हरपालपुर थाना क्षेत्र के करणपुर मतनी गांव में मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने फावड़े से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर को करणपुर मतनी गांव में मूर्ति स्थापना के लिए चंदा मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गांव निवासी छत्रपाल पुत्र विश्राम ने जयपाल पुत्र राजाराम और रतिराम पुत्र भोला पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में जयपाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रतिराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई, जबकि घायल रतिराम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।




