विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्राचार्य और कर्मचारियों ने एक साथ किया सामूहिक पठन, पढ़ने की आदत को जीवन का हिस्सा बनाने का दिया संदेश
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) पुस्तकों से मित्रता ही ज्ञान के संसार का सबसे सशक्त द्वार है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई में गुरुवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन के पठन एवं साक्षरता अभियान के अंतर्गत विशेष गतिविधि ‘डियर’ (DEAR–Drop Everything and Read) का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से लेकर शिक्षकों, प्राचार्य और विद्यालय के कर्मचारियों तक ने अपने नियमित कार्यों को विराम देकर पुस्तकों के अध्ययन में समय व्यतीत किया।
गतिविधि की विशेषता यह रही कि इसमें पूरा विद्यालय परिवार एक साथ सहभागी बना। निर्धारित समय पर सभी ने अपनी-अपनी रुचि के अनुरूप पुस्तकें, कहानियां, साहित्यिक रचनाएं और अन्य पठनीय सामग्री पढ़ी। विद्यालय परिसर में कुछ समय के लिए ऐसा वातावरण बना, जहां हर ओर पुस्तकों के पन्नों के साथ ज्ञान, एकाग्रता और जिज्ञासा का संसार जीवंत दिखाई दिया।
इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल पाठ्यक्रम आधारित अध्ययन की प्रवृत्ति विकसित करना नहीं, बल्कि उन्हें स्वाध्याय के लिए प्रेरित करना भी है। नियमित पठन से शब्दावली और भाषा कौशल में वृद्धि के साथ कल्पनाशीलता, रचनात्मकता, तार्किक चिंतन तथा अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है। पुस्तकें व्यक्ति के विचारों को व्यापक बनाती हैं और जीवनभर सीखते रहने की प्रेरणा देती हैं।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक ‘एक माह, अनेक पुस्तकें, जीवनभर की आदत’ (One Month, Many Books, A Lifelong Habit) विषय पर पठन एवं साक्षरता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रतिदिन 25 से 30 मिनट पठन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों में नियमित पुस्तक अध्ययन की आदत विकसित हो सके।
विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद राशिद ने कहा कि अध्ययन को केवल पाठ्यक्रम और परीक्षा की सीमाओं में नहीं बांधना चाहिए, बल्कि पुस्तकों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। पुस्तकें हमारी सच्ची मित्र हैं। पढ़ने की आदत ही ज्ञान, विचार और व्यक्तित्व विकास का आधार है।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरदोई की यह पहल विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित करने के साथ पूरे विद्यालय परिवार को पुस्तकों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक और प्रेरणादायी कदम हैं।




