लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपदवासियों को स्व-गणना की सुविधा के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
शनिवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में स्व-गणना को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना प्रक्रिया को सरल, सुगम और प्रभावी बनाने तथा आमजन तक स्व-गणना की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से जुड़े दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना की प्रक्रिया को समझकर इसमें सहभागिता कर सकें। उन्होंने आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
स्व-गणना के बाद SEID रखना जरूरी
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में स्व-गणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। विवरण सफलतापूर्वक जमा करने के बाद प्राप्त स्व-गणना पहचान संख्या (SEID) को सुरक्षित रखें। गणनाकार के घर पहुंचने पर यह पहचान संख्या उन्हें उपलब्ध कराएं, ताकि दर्ज विवरणों का सत्यापन किया जा सके।
स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल https://se-census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। जनपदवासियों से जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता करने और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इसे सफल बनाने में सहयोग की अपील की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला प्रभारी जनगणना विनय कुमार वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




