अलीगढ़, 1 जून (वेब वार्ता)। अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र स्थित भवनगढ़ी गांव में रविवार देर रात एक मकान पर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने आधी रात के बाद मकान को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग की। सुबह दरवाजे में गोली का निशान और कारतूस फंसा मिलने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात करीब साढ़े बारह बजे की है। मकान मालिक मनीष चौधरी के घर पर उस समय बिजली नहीं थी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग जाग गए, लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी को यह पता नहीं चल पाया कि निशाना उनका मकान था। परिजनों ने शुरुआती तौर पर इसे शरारती तत्वों की हरकत समझकर नजरअंदाज कर दिया।
सोमवार सुबह घर की एक महिला साफ-सफाई कर रही थी, तभी उसकी नजर मुख्य दरवाजे में बने छेद और उसमें फंसे कारतूस पर पड़ी। इसके बाद उसने घटना की जानकारी मनीष चौधरी को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया।
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
हरदुआगंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्री हरिभान सिंह राठौर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अज्ञात हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। फायरिंग की घटना के बाद गांव में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।




