कुशीनगर । कुशीनगर में पानी पूरी बेचने वाला झांसी का युवक स्वयं सहायता समूह की क्षेत्र की एक महिला मेट को भगा ले गया। महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है। ससुर ने गहने, नकदी व अपने संग बच्चों को ले जाने का भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी तो नेबुआ नौरंगिया थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। दोनों के बीच एक माह से आपसी संबंध होने की बात कही जा रही है।
पुलिस के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नेबुआ के ध्रुव शर्मा के मकान में झांसी निवासी राजेंद्र कई माह से किराये पर रह रहा था। वह चौराहों पर पानी पूरी बेचने का काम करता था। यहां से दूर एक चौराहा निवासी 28 वर्षीय महिला, जो स्वयं सहायता समूह में मेट के रूप में कार्य कर रही थी, से संपर्क हुआ। महिला के पति की मौत तीन वर्ष पूर्व हो चुकी थी।
आरोप है कि बीते 11 अक्टूबर को राजेंद्र शादी का झांसा देकर महिला को उसे छह वर्षीय बेटे सत्यप्रकाश व नगदी, जेवरात संग भगा ले गया।
इस संबंध में नेबुआ नौरंगिया थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों बालिग हैं, उनके बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
कुशीनगर में पानी पूरी बेचने वाला झांसी का युवक एक महिला को भगा ले गया : पुलिस ने रिपोर्ट लिखी

- Advertisement -



