राज्यउत्तर प्रदेशकुशीनगर के अमित सिंह के ओमान के सोहर...

कुशीनगर के अमित सिंह के ओमान के सोहर पोर्ट पर दुबई के टैंकर पर हुए हमले में लापता के छठवें दिन भी परिजनों नहीं मिली जानकारी

कुशीनगर 16 अक्टूबर। कुशीनगर जिले में छ दिन बीतने के बाद भी ओमान के सोहर पोर्ट पर दुबई के टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद लापता हाटा के अमित सिंह की कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। समय बीतने के साथ परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है। हर फोन कॉल पर परिजनों की निगाहें टिक जाती हैं कि शायद दूसरी ओर से अमित की सलामती की खबर मिल जाए। इंतजार के बीच परिवार का सब्र भी जवाब देने लगा है।
नगर पालिका परिषद हाटा के गोपालपुर वार्ड निवासी अमित के मामा रविंद्र सिंह मर्चेंट नेवी में करीब 20 वर्षों से कार्यरत हैं। वह पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वह संबंधित कंपनी के संपर्क में रहकर सर्च ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी जुटा रहे हैं। घटना के दौरान टैंकर पर मौजूद रहे और सुरक्षित बचे अमित के साथियों से भी बातचीत कर रहे हैं ताकि उनके भांजे के बारे में कोई सुराग मिल सके।
परिजन के मुताबिक घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सुरक्षित बचे कुछ साथी अमित के वहीं फंसे होने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। इसी उम्मीद के सहारे परिवार के लोग वीडियो को बार-बार देख रहे हैं। हर बार उनकी निगाहें ऐसी जानकारी तलाशती हैं, जिससे अमित की स्थिति का पता चल सके। हालांकि अभी तक उनकी सुरक्षित स्थिति को लेकर कोई पुख्ता सूचना नहीं मिली है।
अखबार से मोबाइल तक, हर सूचना में तलाश रहे अमित
अमित के दादा रामरेखा सिंह की दिनचर्या भी अब उनकी खबर तलाशने में बीत रही है। वह अखबारों में छपी खबरों को बार-बार पढ़ते हैं और मोबाइल पर आने वाली सूचनाओं को भी ध्यान से देखते हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी फोन आने पर तुरंत सक्रिय हो जाते हैं। मां पूनम देवी, पिता देव प्रकाश सिंह और बहन मनीषा की निगाहें भी अमित की वापसी की उम्मीद पर टिकी हैं। करीब नौ महीने पहले मर्चेंट नेवी में नौकरी शुरू करने वाले अमित एक सप्ताह बाद घर आने वाले थे। परिवार उनके लौटने की प्रतीक्षा कर रहा था, लेकिन ड्रोन हमले की घटना ने खुशियों की जगह चिंता और अनिश्चितता ला दी। अब परिवार की एक ही प्रार्थना है कि अमित सुरक्षित हों और जल्द उनकी कोई खबर मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -