#पूजा-अर्चना कर महाआरती में हुए शामिल, चाक-चौबंद इंतजामों के बीच सकुशल संपन्न हुआ ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव
ललितपुर,(आलोक चतुर्वेदी) बुंदेलखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़े ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव में इस बार प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ अधिकारियों की आस्था में सहभागिता भी देखने को मिली। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव बाजपेई ने आयोजन की व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर पूजा-अर्चना की और महाआरती में शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान दोनों अधिकारी नंगे पांव श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और डोलों में विराजमान भगवान के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद महाआरती में भी सहभागिता की। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जिले की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।
जल विहार महोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। सुम्मेरा तालाब सहित प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पार्किंग, प्रकाश, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की गई।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे आयोजन के दौरान मुस्तैद रहीं, जिससे भीड़ के बीच व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहीं और महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
नगर पालिका परिषद की ओर से भी महोत्सव से पहले नगर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मार्गों की दुरुस्ती और घाटों पर आवश्यक इंतजाम कराए गए थे। प्रशासनिक तैयारियों और पुलिस की सतर्कता के बीच जल विहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। ललितपुर की वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। आयोजन ने एक बार फिर जनपद की गहरी आस्था और बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
#व्यवस्थाओं के साथ आस्था का संगम, नंगे पांव श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे डीएम-एसपी#

- Advertisement -



