लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 113 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए संबंधित अधिकारी स्वयं प्रभावी कार्रवाई करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय फरियादी को वास्तविक राहत मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान उप जिलाधिकारी न्यायिक आशुतोष, पीडी डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई में 113 शिकायतें, डीएम ने अफसरों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

- Advertisement -



