सोनीपत (राजेश आहूजा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री एवं देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सेवा ज्योति यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर गोहाना, खरखौदा, गन्नौर और कुंडली के लिए रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया।
इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्यशैली में समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसेवा की भावना को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा से सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा काल को याद करने के साथ-साथ यह अवसर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से घर-घर तक पहुंचें और लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा कार्यों के बारे में जागरूक करें।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का प्रयास है कि शासन व्यवस्था केवल प्रशासन तक सीमित न रहे, बल्कि नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। उन्होंने हरियाणा में कागजरहित पंजीकरण और स्वचालित इंतकाल जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाओं से नागरिकों के लिए सरकारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य आमजन के समय और सुविधा का ध्यान रखते हुए सेवाओं को अधिक सुगम बनाना है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने जींद-सोनीपत मार्ग पर हाइड्रोजन ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं से सोनीपत जिले को भी लाभ मिला है। क्षेत्र में आधुनिक परिवहन और औद्योगिक विकास की दिशा में हो रहे कार्यों से जिले की संभावनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, खरखौदा और राई क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि मिलकर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरखौदा क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ युवाओं, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी विकास प्रक्रिया का लाभ मिले।
सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में अनेक विकास कार्यों को आगे बढ़ाया गया है और सोनीपत जिले को भी विभिन्न परियोजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने क्षेत्र में सडक़, रेल और आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक परिवहन सुविधाओं और औद्योगिक विकास से सोनीपत की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, विकास और जनकल्याण का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को समर्पित यह कार्यक्रम वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के बारे में सोचने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि खरखौदा क्षेत्र में औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े अनेक विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए किसान, व्यापारी, कर्मचारी, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा ज्योति यात्रा के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल के दौरान देश में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास हुए हैं। उन्होंने कहा कि सडक़, रेल, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसरों सहित विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सेवा ज्योति यात्रा को जनसेवा और जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम बताते हुए सभी से इसमें सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर विधायक पवन खरखौदा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। विधायक पवन खरखौदा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साथियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह जन्मदिन मनाया जाना उनके लिए विशेष खुशी और आत्मीयता का अवसर है।
जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान सोनीपत के लिए रवाना की गई सेवा ज्योति यात्रा स्वर्ण जयंती पार्क, खरखौदा के लिए रवाना सेवा ज्योति यात्रा लघु सचिवालय, राई के लिए रवाना सेवा ज्योति यात्रा एचएसआईआईडीसी कुण्डली कार्यालय, गन्नौर के लिए रवाना सेवा ज्योति यात्रा गन्नौर रेलवे स्टेशन तथा गोहाना के लिए रवाना सेवा ज्योति यात्रा का समापन फव्वारा चौक पर हुआ।
कार्यक्रम में मेयर राजीव जैन, पूर्व मंत्री कविता जैन, डॉ. रीटा शर्मा, मीना चौहान, उपायुक्त नेहा सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त नीरज चौपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीईओ जिला परिषद डॉ० अनमोल, पूर्व विधायक निर्मल चौधरी, जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी, भाजपा वरिष्ठï नेता देवेन्द्र कौशिक व प्रदीप सांगवान, जिला महामंत्री तरूण देवीदास, पूर्व जिलाध्यक्ष तीर्थ राणा व जसबीर दोदवा, बबीता दहिया, राजकुमार कटारिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सेवा ज्योति यात्राओं को दिखाई हरी झंडी

- Advertisement -



