सहरसा, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। जिले के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार रात हुई इस घटना की जानकारी सोमवार सुबह पुलिस को मिली, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान काजल कुमारी (26) के रूप में हुई है, जो जमालनगर पंचायत के प्रियनगर गांव निवासी रोहित कुमार की पत्नी थी और पांच माह की गर्भवती थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रविवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति ने पत्नी को डांट दिया।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे पति काम के लिए घर से बाहर चला गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने काजल कुमारी को घर में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार दंपती के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे, लेकिन इस बार मामला गंभीर हो गया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



