राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर...

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराई कार; पति-पत्नी और दो मासूम बेटों की मौत

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। छठ पूजा की खुशियां मनाने और अपनों के बीच त्योहार बिताने घर लौट रहा एक परिवार रास्ते में ही काल के गाल में समा गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया पलभर में उजड़ गई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम अटवा के निकट पिलर संख्या 317 पर तेज रफ्तार एक्सयूवी-300 अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दोनों मासूम बेटों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।पुलिस के अनुसार, प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा निवासी सौरभ उपाध्याय पुत्र जय गोविंद उपाध्याय अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय (35 वर्ष) और दो बेटों व्योम उपाध्याय (7 वर्ष) तथा शिवोम उपाध्याय (डेढ़ वर्ष) के साथ निजी वाहन से छठ पूजा मनाने अपने गृह नगर प्रयागराज जा रहे थे। परिवार त्योहार की खुशियां समेटे अपने घर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर अटवा गांव के निकट यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।बताया गया कि तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एक्सयूवी-300 डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ उपाध्याय और उनकी पत्नी मेनका उपाध्याय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद व्योम और शिवोम को बचाया नहीं जा सका। माता-पिता के साथ घर लौट रहे दोनों मासूम भी जिंदगी की जंग हार गए।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।जिस घर में छठ पूजा की तैयारियां हो रही होंगी, वहां अब चार लोगों की मौत का मातम पसरा होगा। अपनों से मिलने की आस में शुरू हुआ सफर चार जिंदगियों के अंत के साथ थम गया। त्योहार की खुशियां पलभर में ऐसी पीड़ा में बदल गईं, जिसकी भरपाई शायद जीवनभर संभव नहीं होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -