लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेब वार्ता) भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन मंगलवार को जनपद में कर दिया गया। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर जारी प्रारंभिक मतदाता सूची में जिले के कुल 26,52,820 मतदाता शामिल हैं। इनमें 14,50,919 पुरुष, 12,01,861 महिला और 40 अन्य मतदाता हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केंद्रों और जिला निर्वाचन कार्यालय में मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। मतदाता संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास भी सूची का निरीक्षण कर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट और हरदोई जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध है। इसकी प्रतियां मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने अथवा संशोधन कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर को किया जाएगा। इस अवधि में 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदान स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। वहीं 18 और 19 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची पढ़कर सुनाई जाएगी।
विशेष अभियान दिवसों पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता मिलेगी। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम सूची में नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करें।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट स्वघोषणा के साथ प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म और दावे-आपत्तियों की पूरी अवधि में अधिकतम 30 फॉर्म बीएलओ के पास जमा कर सकेंगे।
मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर बनाया गया है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 और बेसिक नंबर 05852-234075 है। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसील कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। मतदाता वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ विकल्प के जरिए भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।




