चंडीगढ़, 21 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां लगातार दूसरे दिन 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए 26 मई तक रेड अलर्ट जारी किया है और अगले एक सप्ताह तक राहत की संभावना कम बताई जा रही है।
मौसम आंकड़ों के अनुसार फरीदाबाद में 46.4 डिग्री और अंबाला में 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हिसार में भी इस मौसम का सर्वाधिक 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मई के तीसरे सप्ताह में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन की झुलसाने वाली गर्मी के बाद अब रातें भी राहत नहीं दे रही हैं। फरीदाबाद और चरखी दादरी में रात का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। रात के तापमान में चरखी दादरी सबसे आगे रहा, जहां 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों को रात के समय भी उमस और गर्मी से जूझना पड़ रहा है।
तापमान में सामान्य से बड़ी बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। अंबाला में तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक 45.8 डिग्री रहा, जबकि रोहतक में सामान्य से 6.2 डिग्री और करनाल में 4.2 डिग्री अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती गर्मी का असर स्वास्थ्य और दैनिक गतिविधियों पर भी दिखाई देने लगा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार फिलहाल राहत के संकेत नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 22 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, लेकिन उसका विशेष प्रभाव देखने को नहीं मिलेगा। हालांकि 29 मई के आसपास सक्रिय होने वाले अगले पश्चिमी विक्षोभ से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बन सकती है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग और विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।




