नई दिल्ली, 21 मई (वेब वार्ता)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का असर अब रातों में भी महसूस होने लगा है। मई महीने की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार यह पिछले लगभग 14 वर्षों में दर्ज सबसे अधिक न्यूनतम तापमान में शामिल है। इससे पहले 26 मई को वर्ष 2012 में न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर रात के समय भी गर्म मौसम की स्थिति बनी रही। विभाग के मानकों के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक दर्ज हो, तब उसे ‘गर्म रात’ की स्थिति माना जाता है।
मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक रहा। रिज क्षेत्र में 30.6 डिग्री, पालम में 30.5 डिग्री और लोधी रोड में 29.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं आयानगर में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
भीषण गर्मी को देखते हुए राजधानी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिन के समय अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और लू चलने की संभावना जताई है। तेज गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 153 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। विभाग के अनुसार 0 से 50 तक सूचकांक ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और गर्म रातों का असर स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, दोपहर के समय धूप से बचने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।




