बिलासपुर, 17 मई (वेब वार्ता)। गर्मी के मौसम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेड़हा भाजी और दही की सब्जी स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहद खास मानी जाती है। यह देसी व्यंजन शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन को बेहतर बनाए रखने में भी मदद करता है। ग्रामीण इलाकों में इसे गरम चावल और देसी घी के साथ बड़े चाव से खाया जाता है।
गांवों में पीढ़ियों से बनाई जा रही यह पारंपरिक रेसिपी गर्मी और उमस से राहत दिलाने वाली मानी जाती है। बिलासपुर जिले की ग्रामीण महिला भाग्यवती के अनुसार, खेड़हा भाजी और दही की सब्जी खाने से शरीर हल्का और ताजगी भरा महसूस करता है। यही वजह है कि गर्मी के दिनों में यह व्यंजन ग्रामीण रसोई का अहम हिस्सा बन जाता है।
क्या है खेड़हा भाजी
खेड़हा एक देसी हरी पत्तेदार भाजी है, जो गर्मी और बरसात के मौसम में खेतों और आसपास के इलाकों में आसानी से मिल जाती है। इसकी मुलायम पत्तियां स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी होती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इसे खास तौर पर दही के साथ बनाकर खाया जाता है। भाग्यवती बताती हैं कि यह सब्जी गर्मी में शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगती है।
खेड़हा भाजी-दही की सब्जी बनाने की सामग्री
इस पारंपरिक सब्जी को बनाने के लिए करीब 500 ग्राम खेड़हा भाजी, एक कप ताजा दही, 6 से 7 लहसुन की कलियां, 2 हरी मिर्च, आधा चम्मच राई, एक चुटकी हींग, स्वादानुसार नमक और 2 बड़े चम्मच सरसों के तेल की जरूरत होती है।
जानिए बनाने की आसान विधि
सबसे पहले खेड़हा भाजी को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लिया जाता है। इसके बाद हल्का नमक डालकर भाजी को उबाल लिया जाता है। दूसरी ओर दही को अच्छी तरह फेंट लिया जाता है।
अब कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म कर उसमें राई, हींग, लहसुन और हरी मिर्च का तड़का लगाया जाता है। इसके बाद उबली हुई भाजी डालकर हल्का भूनते हैं और फिर उसमें फेंटी हुई दही मिलाकर धीमी आंच पर चार से पांच मिनट तक पकाया जाता है। इस तरह स्वादिष्ट खेड़हा भाजी-दही की सब्जी तैयार हो जाती है।
गरम चावल के साथ बढ़ जाता है स्वाद
ग्रामीण इलाकों में इस सब्जी को गरमागरम चावल के साथ खाना सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। ऊपर से थोड़ा देसी घी डाल दिया जाए तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। गर्मी के दिनों में इसे हल्का और ठंडक देने वाला भोजन माना जाता है।
सेहत के लिए भी फायदेमंद
खेड़हा भाजी में आयरन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं दही शरीर को ठंडक देने और पाचन तंत्र को मजबूत रखने में मदद करता है। गर्मी के मौसम में यह पारंपरिक देसी रेसिपी शरीर को ताजगी देने के साथ स्वास्थ्य के लिए भी काफी लाभकारी मानी जाती है।




