गुरुग्राम, 24 अक्टूबर (वेब वार्ता)। तेरह वर्षीय एमेच्योर गोल्फर ओजस्विनी सारस्वत शुक्रवार को यहां हीरो महिला इंडियन ओपन में कट हासिल कर लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) की किसी प्रतियोगिता के कट में जगह बनाने वाली सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बन गईं।
टूर्नामेंट में अनुभव हासिल करने के इरादे से उतरीं जयपुर की ओजस्विनी ने दूसरे दौर में तीन अंडर 69 का शानदार कार्ड खेला। उन्होंने पहले दौर में सात ओवर 79 का कार्ड खेला था। इस तरह दो दौर के बाद उनका कुल स्कोर चार ओवर 148 रहा और वह संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर रहते हुए कट में जगह बनाने में सफल रहीं।
ओजस्विनी एलईटी प्रतियोगिता में कट हासिल करने वाली सबसे युवा भारतीय और कुल मिलाकर दूसरी सबसे युवा खिलाड़ी हैं। थाईलैंड की आरिया जुतानुगर्न ने 2008 में फिनएयर मास्टर्स में 12 वर्ष की उम्र में कट हासिल किया था।
ओजस्विनी के दूसरे दौर के प्रदर्शन में सात बर्डी और चार बोगी शामिल रहीं।
स्विट्जरलैंड की चियारा टैम्बुरलिनी छह अंडर के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर चल रही हैं जबकि भारत की एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्रणवी उर्स और अर्जेंटीना की मैग्डालेना सिमरमाकर चार अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।




