नई दिल्ली, 16 अप्रैल, 2026 (वेब वार्ता)। देशभर के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, कई राज्यों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, ओडिशा और मेघालय के कई हिस्सों में तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
उत्तर भारत में बढ़ेगा तापमान
उत्तर भारत में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। कई इलाकों में लू चलने की स्थिति बनने लगी है।
दिल्ली में 19 अप्रैल से बदल सकता है मौसम
राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री और न्यूनतम 21 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर में बादलों की गरज-चमक के साथ हल्की आंधी और बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
यूपी और बिहार में लू का असर
उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और तेज गर्म हवाओं के चलते लू की स्थिति बनने लगी है। बुंदेलखंड के बांदा में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है और यहां हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार में भी अगले सप्ताह से लू का असर तेज होने की संभावना जताई गई है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में पारा 41 डिग्री के पार
राजस्थान में भी गर्मी का असर तेज हो गया है। बाड़मेर में तापमान 41.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि कोटा में भी पारा 41 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि 19 अप्रैल से कुछ क्षेत्रों में आंधी और बारिश की संभावना भी जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।



