मुंबई, 22 अप्रैल (वेब वार्ता)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को स्वास्थ्य जांच के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, 85 वर्षीय वरिष्ठ नेता को दो दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में दाखिल किया गया था।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, शरद पवार को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल लाया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार किसी भी तरह की गंभीर समस्या की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच राहत की भावना है।
हाल ही में शरद पवार व्हीलचेयर के सहारे संसद पहुंचे थे, जहां उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की थी, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर पहले से ही चर्चा बनी हुई थी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी वर्ष फरवरी में भी शरद पवार को पुणे के एक अस्पताल में दो बार भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें छाती में संक्रमण और शरीर में पानी की कमी की शिकायत के चलते उपचार दिया गया था।
फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका नियमित परीक्षण जारी है और पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।



