मुंबई, 22 जून (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई। राज्य के विभिन्न जिलों में प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। उम्मीदवारों और समर्थकों की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं। दोपहर तक अधिकांश सीटों के नतीजे सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
अमरावती में मतगणना शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार प्रवीण पोटे की संभावित जीत के बधाई पोस्टर शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए। समर्थकों ने उन्हें जिले का विकास पुरुष बताते हुए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
सांगली-सातारा में कांटे की टक्कर
सांगली-सातारा विधान परिषद सीट पर भारतीय जनता पार्टी समर्थित धैर्यशील कदम और महाविकास आघाड़ी समर्थित अभयसिंह जगताप के बीच सीधा मुकाबला है। कुल 895 मतदाताओं में से 894 ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 99.89 रहा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अंतिम चरण में महायुति की एकजुटता से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार की स्थिति मजबूत हुई है, हालांकि मतदाताओं के बीच अंदरूनी रुझानों की भी चर्चा है।
नासिक में नरेंद्र दराडे की किस्मत का फैसला आज
नासिक विधान परिषद चुनाव की मतगणना जिला कलेक्टर कार्यालय में की जा रही है। मतगणना के लिए 40 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यहां कुल 618 मत पड़े हैं और जीत के लिए 310 मतों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिवसेना उम्मीदवार नरेंद्र दराडे समेत अन्य प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज होगा।
जलगांव में नतीजों पर सबकी नजर
जलगांव में मतगणना जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित अल्पबचत भवन में की जा रही है। यहां महायुति समर्थित भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार नंदकिशोर महाजन और महाविकास आघाड़ी समर्थित ठाकरे गुट के शरद तायडे के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले हुई राजनीतिक उठापटक और एक निर्दलीय उम्मीदवार की उम्मीदवारी वापसी के कारण यह सीट चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
नांदेड़ में अशोक चव्हाण की प्रतिष्ठा दांव पर
नांदेड़ में कुल 452 मतदाताओं में से 451 ने मतदान किया था। इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर मानी जा रही है। यहां भारतीय जनता पार्टी के अमर राजूरकर और कांग्रेस के रामदास पाटिल के बीच मुकाबला है। परिणामों को लेकर जिले में उत्सुकता चरम पर है।
सोलापुर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
सोलापुर में भी सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। यहां भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक राजेंद्र राऊत और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) के वसंतराव देशमुख के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। दोनों पक्षों के नेताओं ने अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है। इस बीच बार्शी शहर में राजेंद्र राऊत की संभावित जीत के पोस्टर भी लगाए गए हैं।
इसके अलावा परभणी-हिंगोली सीट पर सईद खान, डॉ. विवेक नावंदर और सुशील देशमुख मैदान में हैं, जबकि छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट पर भारतीय जनता पार्टी के सुहास शिरसाट और ठाकरे गुट के गणेश लोखंडे के बीच मुकाबला है। राज्यभर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और दोपहर तक चुनाव परिणामों की तस्वीर काफी हद तक साफ होने की संभावना है।




